कल्किआन हिंदी की नींव उसी समय पड़ गयी थी जब हमने कल्किआन मुख्य के योजना बनाई थी। कल्किआन के हिंदी अवतार के पीछे यही उद्देश्य है कि हिंदी में लिखने वाले विज्ञान साहित्यकारों को एक ऐसा मंच मिले जो की उनकी लगभग सारी जरूरतों को पूरा कर सके।
एक विज्ञान साहित्यकार की प्रमुख जरूरत क्या है? सूचनाएं। नवीनतम सूचनाएं जिनको आधार बना कर वो नई रचनाओं का सृजन कर सकें। हिंदी विज्ञान साहित्यकारों के पास कई बार वो जानकारियाँ नहीं पहुँच पाती हैं जिनती उनको दरकार रहती है, लेकिन ऐसा कोई मंच नहीं है जहाँ पर विश्वसनीय सूचनाएं उपलब्ध हों। मै इस कमी को हमेशा से मह्सूस करता रह था। कल्किआन हिंदी इस कमी को पूरा करेगी। इसके अलावा एक अन्य महत्वपूर्ण उद्देश्य है विज्ञान सहित्यकारों को एक ऐसा वातावरण प्रदान करना जहाँ से उन्हें नई रचनाएं गढ़ने की प्रेरणा मिले - इसे हम 'आइडिया ब्रीडर' कहते हैं -- हिंदी में इसका नाम शायद "कथा-गर्भ" उचित रहेगा। तो कल्किआन हिंदी के "कथा-गर्भ" में नित नयी कहानियो के बीज बोए जाते रहेंगे और लेखक स्वतंत्र रूप से उनपर आधारित कहानियाँ रच सकते हैं।
यह एक तथ्य है की इन सबसे ज्यादा महत्त्वपूर्ण कार्य है विज्ञान कथाकारों को एक ऐसा मंच देना जहाँ उनकी रचनाएं प्रकाशित हो और भारतीय विज्ञान साहित्य को विश्व मंच पर स्थापित करें। अतः कल्किआन हिंदी नियमित रूप से विज्ञान कथाएँ, कवितायेँ, बाल विज्ञान कथाएँ, आलेख, ब्लॉग, साक्षात्कार तथा समाचार छापेगी। मौजूदा व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक माह की 15 तारिख को कल्किआन हिंदी का नया अंक निकला करेगा जिसमे हम 4-5 विज्ञान कथाएँ प्रकाशित करेंगे। लेख, ब्लॉग/चिट्ठे, समाचार इत्यादि प्रतिदिन प्रकाशित किये जायेंगे। हमारी चेष्ठा रहेगी की हम विश्वस्तरीय रचनाये प्रकाशित करके हिंदी विज्ञान साहित्य को उचाइयों तक ले जाएं।
बाल विज्ञान कथाओं को शामिल करने की सबसे बड़ी वजह है बच्चों में वैज्ञानिक अभिरुचि जगाना। उन्हें कंप्यूटर पर बैठ कर केवल गेम खेलने के अलावा अपने आस पास की दुनिया को वैज्ञानिक, तार्किक दृष्टि से देखने समझने के लिए प्रोत्साहित करना। आगे चल कर हम बच्चों द्वारा लिखी गयी विज्ञान कथाएँ भी प्रकाशित करेंगे। इसके आलावा विज्ञान कथाओं पर तथाकथित मुख्यधारा की पत्रिकाएं 'बाल कथा' होने का ठप्पा लगाती रही हैं अतः हम ये स्पष्ट कर देना चाहते है की विज्ञान कथाएँ बाल कथाएँ नहीं है।
एक और आवश्यक बात। कल्किआन हिंदी एक चिटठा-गंगा भी निर्मित करेगा जिसमे हिंदी भाषा में विज्ञान सम्बन्धी विषयों में चिट्टा लिखने वालो को सूची बद्ध किया जायेगा। हमारा लक्ष्य होगा की हिंदी भाषा में विज्ञान सम्बन्धी विषयों पर उबलब्ध चिट्ठे यहाँ पर सूचीबद्ध हों।
इसके अलावा, हम कुछ ऐसी योजनाएं भी ला रहे हैं जिनके अर्न्तगत नए संभावित कथाकारों को कहानिया लिखने के लिए प्रेरित किया जा सके। यदि आप इस दिशा में प्रयासरत है तो अब कल्किआन हिंदी आपको सहयोग देने के लिए उपलब्ध है। कल्किआन में हम सब अवैतनिक रूप से कार्य कर रहे है और साहित्य की सेवा कर रहे है। हमे आपके सहयोग की आवश्यकता है। कृपया भारतीय विज्ञान साहित्य को विश्व मंच पर स्थापित करने में हमारा साथ दें। विज्ञान कथाकारों तथा इसमें अभिरुचि रखने वालों से निवेदन है की वे अपनी आवाश्याक्ताओं से हमें अवगत करा ते रहें ताकि हम उन्हें पूरा कर सकें।
योजनाएं बहुत सी हैं, और हमारे लक्ष्य कठिन अवश्य हैं, पर कल्किआन मुख्य की सफलता के बाद हम और अधिक उर्जावान हो गए हैं। यह कल्किआन तारामंडल अब विस्तार लेने लगा है -- और यह तो अभी शुरुआत भर है...
मंज़िलें और भी हैं, और हमारी नज़र तो है ही सितरों पर...
-- स्वप्निल भारतीय
प्रमुख सम्पाद्क